भारतीय सेना की वीरता किसी भी पहचान की मोहताज नहीं है। समय आने पर भारतीय जवान न केवल अपनी जान देते हैं बल्कि दुश्मन का सीना छलनी भी करने का दम रखते हैं। सीमा पर तैनात इन जवानों के साथ देश के अंदर नागरिकों की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को दुरुस्त रखने वाले होमगार्ड्स और पुलिस वालों का हौसला बढ़ाने के लिए हर साल गैलेंट्री अवॉर्ड दिए जाते हैं।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्वारा दिए जाने वाले गैलेंट्री या वीरता पदक पुरस्कार की घोषणा की गई है। ये उन सैनिकों, पुलिसकर्मियों और अन्य सुरक्षा बलों को दिए जाते हैं जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में जान की परवाह किए बिना देश की रक्षा की। हालाँकि इस बार एक खास बदलाव देखने को मिला है। सरकार ने वीरता पुरस्कारों के साथ-साथ विशिष्ट सेवा पुरस्कारों की भी घोषणा की है। ये पुरस्कार आमतौर पर गणतंत्र दिवस पर दिए जाते हैं।
1090 सुरक्षाकर्मियों हुए सम्मानित
गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इस साल कुल 1,090 सुरक्षाकर्मियों को सम्मानित किया गया। 233 गैलेंट्री अवॉर्ड्स दिए गए हैं। इनमें से 226 पुलिसकर्मियों को, 6 अग्निशमन सेवा के कर्मियों को और 1 नागरिक सुरक्षा कर्मी को यह सम्मान मिला है। ये पुरस्कार मुख्य रूप से जम्मू-कश्मीर, नक्सल प्रभावित इलाकों और उत्तर-पूर्वी राज्यों में बहादुरी दिखाने वाले जवानों को दिए गए हैं।
1090 Personnel of Police, Fire, Home Guard & Civil Defence and Correctional Services awarded Gallantry/Service Medals on the occasion of the Independence Day- 2025https://t.co/6FpCxzglZR@HMOIndia@PIB_India
— PIB – Ministry of Home Affairs (@PIBHomeAffairs) August 14, 2025
इसके अलावा सरकार ने 99 राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक (President’s Distinguished Service Medals) और 758 मेरिटोरियस सर्विस मेडल (Meritorious Service Medals) भी घोषित किए हैं। ये पुरस्कार खासतौर पर उन अधिकारियों को दिए जाते हैं जिन्होंने लंबे समय तक ईमानदारी, दक्षता और समर्पण के साथ सेवा की है।
गैलेंट्री अवॉर्ड्स में इस बार एक और अहम बात शामिल हुई है। वह ये कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत सुरक्षाबलों की जांबाजी के लिए वॉरटाइम गैलेंट्री और वॉरटाइम विशिष्ट सेवा पुरस्कारों की भी घोषणा भी की गई है।
ऑपरेशन सिंदूर को मिला खास सम्मान
इस साल सेना के जवानों को मिलने वाले गैलेंट्री अवॉर्ड्स में ऑपरेशन सिंदूर के वीरों को विशेष स्थान मिला। रक्षा मंत्रालय की सूची अनुसार, गैलेंट्री अवॉर्ड्स 2025 की सूची में सेना के 86 जवानों को गैलेंट्री अवॉर्ड दिए गए हैं।
वायुसेना के 52 जवानों को वीरता पुरस्कार और 9 अधिकारियों को वीर चक्र दिया गया है। इसके साथ ही 13 अधिकारियों को युद्ध सेवा मेडल और 26 एयरफोर्स ऑफिसर्स को वायु सेना मेडल दिया गया है। वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी समेत एयरफोर्स के 4 अधिकारियों को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।
थल सेना के 18 जवानों को वीरता मेडल से सम्मानित किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 2 सीनियर इंडियन आर्मी ऑफिसर को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक के साथ ही सेना को 4 कीर्ति चक्र, 4 वीर चक्र और 8 शौर्य चक्र दिए गए हैं।
ऑपरेशन सिंदूर तीनों सेनाओं का एक संयुक्त सैन्य अभियान था, जिसे भारतीय सेना ने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया। इस ऑपरेशन में थल, वायु और नौसेना ने असाधारण समन्वय और साहस दिखाया।
कारगिल युद्ध (1999) के बाद यह पहली बार है जब इतने बड़े पैमाने पर वॉरटाइम गैलेंट्री अवॉर्ड्स दिए गए हैं। उस समय 4 सैनिकों को परमवीर चक्र, 9 को महावीर चक्र और 55 को वीर चक्र से सम्मानित किया गया था
सेना के गैलेंट्री अवॉर्ड्स की श्रेणियाँ
सेना के जवानों को मिलने वाले गैलेंट्री अवॉर्ड को चार मुख्य श्रेणियों में बाँटा जाता है- वॉरटाइम गैलेंट्री, पीस टाइम गैलेंट्री, वॉरटाइम विशिष्ट सेवा और पीस टाइम विशिष्ट सेवा। इनमें परमवीर चक्र, अशोक चक्र, युद्ध सेवा मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल जैसे प्रतिष्ठित सम्मान शामिल हैं।
वॉरटाइम गैलेंट्री अवॉर्ड्स युद्ध या सैन्य ऑपरेशन के दौरान असाधारण वीरता दिखाने पर दिए जाते हैं। इनमें युद्धकाल का सर्वोच्च वीरता पुरस्कार परमवीर चक्र (PVC), युद्ध में अत्यंत साहस के लिए महावीर चक्र (MVC), युद्ध में वीरता का प्रदर्शन के लिए (वीर चक्र) और युद्ध या किसी खास ऑपरेशन में वीरता के लिए सेना मेडल (SM) दिया जाना तय होता है।
पीस टाइम गैलेंट्री अवॉर्ड्स आतंकवाद, नक्सल या ऐसे अन्य संकटों में वीरता के लिए दिए जाते हैं। इनमें शांति काल का सर्वोच्च वीरता पुरस्कार अशोक चक्र, अत्यंत साहस के लिए कीर्ति चक्र और अपने साहस भरे निर्णय और कार्य के लिए शौर्य चक्र से नवाजा जाता है।
इसी तरह युद्धकाल में उत्कृष्ट नेतृत्व और सेवा के लिए वॉरटाइम विशिष्ट सेवा पुरस्कार दिया जाता है। इसमें युद्ध में सर्वोत्तम सेवा के लिए सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल (SYSM), उत्कृष्ट सेवा के लिए उत्तम युद्ध सेवा मेडल (UYSM) और विशिष्ट सेवा के लिए युद्ध सेवा मेडल (YSM) दिया जाता है।
इसके अलावा, पीस टाइम विशिष्ट सेवा पुरस्कार शांति काल में दीर्घकालिक उत्कृष्ट सेवा के लिए दिया जाता है। इसमें सर्वोच्च सेवा सम्मान परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), उच्च स्तर की सेवा के लिए अतिविशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और विशिष्ट योगदान के लिए विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) दिया जाता है।