ग्लास फेंका, मोबाइल मारा और BJP की महिला नेता से की बद्तमीजी: गुजरात में AAP विधायक चैतर वसावा गिरफ्तार


AAP विधायक ने महिला पंचायक अध्यक्ष के साथ की बदतमीजी, अब गिरफ्तार

गुजरात के डेडियापाड़ा में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक चैतर वसावा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार (5 जुलाई 2025) को एक सरकारी बैठक में AAP विधायक की बीजेपी नेता संजय वसावा से बहस हुई, जो मारपीट में बदल गई।

जानकारी के मुताबिक, भाजपा नेता ने चैतर वसावा पर मारपीट और एक महिला पंचायत अध्यक्ष के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई।

बैठक में विवाद की जड़

यह घटना डेडियापाड़ा तालुका पंचायत कार्यालय में हुई। यहाँ एक समन्वय बैठक चल रही थी, जिसमें कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। चैतर वसावा ने एक विकास समिति में कुछ लोगों के शामिल होने पर आपत्ति उठाई।

AAP विधायक ने कहा कि विधायक से बिना पूछे समिति बनाई गई थी और इसे तुरंत रद्द किया जाना चाहिए। वसावा का तर्क था कि समिति में किसी व्यापारी को शामिल नहीं करना चाहिए।

मुझ पर पानी का गिलास फेंका- BJP नेता

यह समिति कथित तौर पर बीजेपी नेता संजय वसावा के निर्देश पर बनी थी। इसी बात पर चैतर वसावा और संजय वसावा के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि हाथापाई शुरू हो गई। मौजूद अधिकारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया और पुलिस को बुलाया गया।

संजय वसावा ने चैतर वसावा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। संजय वसावा ने बताया कि AAP विधायक ने महिला नेता चंपाबेन वसावा के साथ बदतमीजी की, जिसका मैंने विरोध किया था। लेकिन विधायक ने गुस्से में उन पर मोबाइल और पानी का गिलास फेंक दिया।

संजय वसावा ने कहा कि बैठक में विधायक और चंपाबेन वसावा के बहस हो गई थी। इस पर चैतर वसावा को भाषा पर संयम रखने के लिए कहा गया था। लेकिन चैतर वसावा ने गुस्से में आकर हमला कर दिया।

गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई

घटना के बाद चैतर वसावा अपने समर्थकों के साथ थाने पहुँचे, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी गिरफ्तारी की खबर फैलते ही थाने के बाहर समर्थकों की भीड़ जमा हो गई।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी और विधायक को राजपीपला ले गई। वहाँ भी उनके समर्थक इकट्ठा हो गए, जिन्हें पुलिस को हटाना पड़ा।

पुलिस ने चैतर वसावा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। इनमें हत्या की कोशिश, महिला का अपमान, जानबूझकर चोट पहुँचाना, हथियार से चोट पहुँचाना, आपराधिक धमकी और शांति भंग करने की नीयत से अपमान जैसी गंभीर धाराएँ शामिल हैं।

Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top