रामपुर पुलिस ने इमाम रहीस को किया गिरफ्तार

रामपुर की एक मस्जिद में सेक्स रैकेट चलाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है और आरोपित इमाम रहीस अहमद को गिरफ्तार किया है। रामपुर पुलिस ने रहीस अहमद के पास से हथियार भी बरामद किए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेके पैसेल रोड की नदराबाग मस्जिद से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था, जिसमें एक लड़की इमाम पर सेक्स रैकेट चलाने के गंभीर आरोप लगा रही थी। वायरल वीडियो में लड़की की आवाज भी सुनी जा सकती है, जिसमें वो साफ तौर पर आरोप लगा रही है। इसके बाद रामपुर पुलिस हरकत में आई और जाँच शुरू की। 20 अगस्त 2025 को वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।

क्षेत्राधिकारी नगर की अगुआई में एक टीम बनाई गई, जो मस्जिद में जाकर जाँच करने लगी। गहन जाँच के बाद 21 अगस्त 2025 को पुलिस ने रहीस अहमद को गिरफ्तार किया। रहीस अहमद शफी अहमद का बेटा है और परचई कुम्हरिया, अजीमनगर का रहने वाला है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से 2 तमंचे 12 बोर, 4 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद हुआ।

पुलिस ने बताया कि रहीस अहमद पर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश और अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप है।

इस मामले में कई और लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है, लेकिन अभी उनकी पहचान छिपाई गई है। रामपुर पुलिस ने बताया कि कार्रवाई जारी है और जल्द ही बाकी आरोपितों को भी पकड़ा जाएगा। स्थानीय लोग इस घटना से काफी नाराज हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की माँग कर रहे हैं।



Source link