sudarshanvahini.com

NewsClick और उसके संपादक प्रबीर पुरकायस्थ पर ED की बड़ी कार्रवाई, FEMA के तहत भेजा ₹184 करोड़ का पेनल्टी नोटिस


न्यूजक्लिक का संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विदेशी फंडिंग के उल्लंघन के मामले में वामपंथी प्रोपेगेंडा वेबसाइट न्यूजक्लिक और उसके संस्थापक-संपादक प्रबीर पुरकायस्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 184 करोड़ रुपए का पेनल्टी नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत की गई है और इसे एजेंसी की जारी जाँच का अहम चरण माना जा रहा है।

ED के अधिकारियों के अनुसार, यह कदम उस जाँच का हिस्सा है जिसमें पोर्टल को प्राप्त विदेशी धनराशि के स्रोत, लेनदेन के तरीके और नियामकीय प्रावधानों के अनुपालन की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। एजेंसी लंबे समय से इस बात की जाँच कर रही है कि क्या न्यूजक्लिक ने विदेश खासतौर पर चीन से प्राप्त फंड को भारतीय कानूनों के हिसाब से स्वीकार किया था या नहीं।

सोमवार (16 फरवरी 2026) को जारी आदेश के मुताबिक, न्यूजक्लिक की मालिक कंपनी PPK न्यूजक्लिक स्टूडियो प्राइवेट लिमिटेड पर 120 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया है जबकि इसके प्रधान संपादक प्रबीर पुरकायस्थ पर 64 करोड़ रुपए का दंड निर्धारित किया गया है। कुल मिलाकर 184 करोड़ रुपए की यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा कानूनों के कथित उल्लंघन को लेकर की गई है।

आदेश पारित करने वाले प्राधिकरण का कहना है कि सामने आए उल्लंघन न केवल गंभीर थे बल्कि सुनियोजित और व्यवस्थित प्रकृति के भी थे। आदेश में उल्लेख किया गया कि बड़े पैमाने पर विदेशी मुद्रा के लेनदेन किए गए और नियामक संस्थाओं को दिए गए वैधानिक घोषणापत्रों का कथित रूप से उल्लंघन हुआ।

ईडी की जाँच का मुख्य बिंदु यह है कि पोर्टल को विदेश से जो धन प्राप्त हुआ, वह किन स्रोतों से आया, किस रास्ते से भारत पहुँचा और क्या उन लेनदेन में FEMA के प्रावधानों का पूर्ण पालन किया गया था। एजेंसी वित्तीय दस्तावेजों, बैंकिंग चैनलों और संबंधित घोषणाओं की विस्तार से समीक्षा कर रही है। इस जाँच के दौरान अमेरिकी नागरिक और चीन में रह रहे नेविल रॉय सिंगहम का नाम भी सामने आया है। ईडी ने पहले उन्हें समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था।

Source link

Exit mobile version