प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूज18 के राइजिंग भारत समिट 2026 के मंच को संबोधित किया। PM मोदी का संबोधन शुरू होते ही पूरा हॉल ‘मोदी-मोदी’ के नारों से गूँज उठा। पीएम मोदी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इजरायल की हवा अब यहाँ भी पहुँच गई है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद भी देश मानसिक गुलामी से बाहर नहीं निकल पाया था।
पीएम मोदी ने कॉन्ग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कॉन्ग्रेस अब सिर्फ विरोध की एक ‘टूलकिट’ बनकर रह गई है और वह देश को बदनाम करने का कोई मौका नहीं छोड़ती। उन्होंने तंज कसा कि पहले मिलेनियल्स ने कॉन्ग्रेस को सबक सिखाया और अब जेन-जेड भी उन्हें साफ करने के लिए तैयार बैठी है।
पीएम ने एआई समिट को देश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए आरोप लगाया कि कॉन्ग्रेस ने इसे बदनाम करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि निराशा और अहंकार में डूबी राजनीति देश को नीचा दिखाने तक पहुँच जाती है। कॉन्ग्रेस अपनी गलतियों को छिपाने के लिए महात्मा गाँधी का नाम लेती है और सारा क्रेडिट एक परिवार को देती है। युवाओं के बढ़ते प्रभाव से कॉन्ग्रेस लगातार कमजोर हो रही है।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत के हर कदम पर अब ग्लोबल मीडिया की नजर है। पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत में होने वाली हर बड़ी पहल का वैश्विक विश्लेषण होता है। उन्होंने डिजिटल इंडिया की सफलता का जिक्र करते हुए बताया कि भारत आज डिजिटल पेमेंट में ग्लोबल लीडर बन गया है।
राइजिंग भारत के मंच पर PM मोदी का बड़ा बयान | Rising Bharat Summit 2026 | PM Modi on News18#RisingBharatSummit2026 #PMModionNews18 pic.twitter.com/blIwFeH3BK
— News18 India (@News18India) February 27, 2026
पीएम मोदी ने कहा कि जनधन आधार मोबाइल यानी जाम की ताकत से 24 लाख करोड़ रुपये डीबीटी के जरिए सीधे लाभार्थियों तक पहुँच रहे हैं जिसने सिस्टम की लीकेज खत्म कर दी है। 2014 तक करोड़ों घर अंधेरे में थे लेकिन आज भारत सोलर पावर में टॉप देशों में है। मेट्रो नेटवर्क में भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश बन चुका है।
पीएम ने वंदे भारत और नमो भारत जैसी ट्रेनों का उदाहरण दिया। पहले रेलवे की पहचान लेटलतीफी से थी लेकिन आज ये सेमी हाई स्पीड ट्रेनें नया भारत दिखाती हैं। भारत अब नई टेक्नोलॉजी का निर्माता बन रहा है।
कभी भारत विदेशी तकनीक की नकल करता था लेकिन आज विकसित देश भारत के साथ ट्रेड डील करने के लिए आगे आ रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यह नए आत्मविश्वासी भारत की पहचान है। देश हताशा से बाहर निकल चुका है।
दुनिया का नजरिया बदल गया है। पीएम मोदी ने कहा कि यह आंतरिक शक्ति के जागने का नतीजा है। जब राष्ट्र की ताकत जागती है तो उपलब्धियाँ अपने आप आती हैं।













