sudarshanvahini.com

कर्नाटक में पोस्टर को लेकर भिड़े कॉन्ग्रेस-BJP कार्यकर्ता, कॉन्ग्रेस MLA के बॉडीगार्ड की गोली से अपने ही वर्कर की मौत: BJP ने कहा- हमारे विधायक रेड्डी को मारने का था प्लान


कर्नाटक के बेल्लारी में कॉन्ग्रेस विधायक नारा भरत रेड्डी और बीजेपी विधायक जनार्दन रेड्डी के समर्थकों के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। मामला एक मूर्ति स्थापना के पोस्टर लगाने से शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते पत्थरबाजी और गोलीबारी में बदल गया।

इस हिंसा में राजशेखर नाम के एक शख्स की जान चली गई। चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि राजशेखर को जो गोली लगी, वह कथित तौर पर कॉन्ग्रेस विधायक के ही अंगरक्षक (बॉडीगार्ड) की बंदूक से चली थी।

पोस्टर को लेकर शुरू हुआ झगड़ा

विवाद की जड़ एक बैनर था। बीजेपी विधायक जनार्दन रेड्डी के समर्थकों ने 3 जनवरी 2025 को होने वाले वाल्मीकि प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम के पोस्टर लगाने पर आपत्ति जताई थी। शुरू में दोनों पक्षों में तीखी बहस और गाली-गलौज हुई, लेकिन मामला इतना बढ़ा कि दोनों तरफ से पत्थर चलने लगे। शहर में दंगे जैसी स्थिति बन गई और भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

गोलीबारी और राजशेखर की मौत

झड़प के दौरान ही निजी हथियारों से फायरिंग शुरू हो गई। इसमें राजशेखर नाम के एक व्यक्ति को गोली लगी और उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जाँच में बड़ा खुलासा हुआ है कि राजशेखर के शरीर से जो 12 MM की गोली मिली है, वह कॉन्ग्रेस विधायक नारा भरत रेड्डी के बॉडीगार्ड की बंदूक से मैच खा रही है। पुलिस ने विधायक के करीबियों और गनमैन की 5 बंदूकें जब्त कर ली हैं।

विधायक पर हमले का आरोप

दूसरी तरफ, बीजेपी नेताओं का आरोप है कि यह जनार्दन रेड्डी की हत्या की एक सोची-समझी साजिश थी। बीजेपी नेता बी श्रीरामुलु ने दावा किया कि हमलावर सीधे विधायक के घर में घुस आए और उन पर गोलियाँ चलाईं। आरोप है कि भीड़ ने विधायक के घर में घुसपैठ की और जातिसूचक गालियाँ भी दीं।

पुलिस की कार्रवाई और FIR

पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। कॉन्ग्रेस विधायक नारा भरत रेड्डी, उनके पिता और चाचा समेत कई करीबियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। एक मामले में 41 और दूसरे में 23 लोगों के नाम शामिल हैं। पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

Source link

Exit mobile version