sudarshanvahini.com

मेक्सिको के रास्ते अमेरिका भेजने वाले ‘डंकी रूट’ पर ED का शिकंजा: पंजाब-हरियाणा-दिल्ली समेत 13 ठिकानों पर की रेड, 19 करोड़ का सोना-चांदी-कैश जब्त


ईडी

अवैध तरीके से विदेश भेजने वाले ‘डंकी रूट’ और इससे जुड़ी काली कमाई के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार (18 दिसंबर 2025) को जालंधर ED की टीम ने पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के 13 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई ने मानव तस्करी करने वाले गिरोहों की कमर तोड़ दी है, जिसमें करोड़ों की नकदी और भारी मात्रा में सोना-चांदी जब्त किया गया है।

करोड़ों का खजाना और प्रॉपर्टी के दस्तावेज बरामद

जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान ED को जो मिला उसने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। ठिकानों से 4.62 करोड़ रुपए नकद, 313 किलो चांदी और 6 किलो सोने के बिस्किट बरामद हुए हैं।

इन सबकी कुल कीमत लगभग 19.13 करोड़ रुपए आँकी गई है। इसके अलावा, भारी मात्रा में मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड और ऐसे दस्तावेज मिले हैं जो डंकी रूट के अवैध नेटवर्क की पूरी कहानी बयाँ कर रहे हैं।

हरियाणा के डंकी ऑपरेटर का खौफनाक खेल

जाँच में हरियाणा के एक बड़े डंकी ऑपरेटर का पर्दाफाश हुआ है। यह शख्स लोगों को मैक्सिको के रास्ते अमेरिका भेजने के नाम पर न केवल मोटी रकम वसूलता था, बल्कि गारंटी के तौर पर उनके मकान और जमीन के असली कागज भी अपने पास रख लेता था।

अगर कोई पैसा देने में देरी करता, तो इन दस्तावेजों के जरिए उन्हें डराया-धमकाया जाता था। दिल्ली में भी एक ट्रैवल एजेंट के पास से भारी नकदी और चैट रिकॉर्ड मिले हैं, जिनसे इस रैकेट के बड़े खिलाड़ियों के सुराग मिले हैं।

खुल रही है तस्करी के नेटवर्क की परतें

ED के मुताबिक, यह गिरोह एक संगठित तरीके से काम कर रहा था। बरामद मोबाइल फोनों की फॉरेंसिक जाँच की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके विदेशी संपर्कों का पता लगाया जा सके।

एजेंसी ने साफ कर दिया है कि डंकी रूट के जरिए मासूमों की जिंदगी दाँव पर लगाने वाले और अवैध फंडिंग करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में जाँच का दायरा और बढ़ने वाला है, जिससे कई सफेदपोश चेहरे भी बेनकाब हो सकते हैं।

Source link

Exit mobile version